संभल में सरकारी बंजर भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। हजरतनगरगढ़ी थाना क्षेत्र के गांव मुकर्रबपुर में सरकारी जमीन पर बने इमामबाड़े, मजार और बाउंड्री वॉल को बुलडोजर चलाकर हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कई थानों की पुलिस और पीएसी तैनात रही, जिससे पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराया गया। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने बताया कि करीब साढ़े चार बीघा यानी लगभग 2950 वर्ग मीटर सरकारी बंजर भूमि पर अवैध कब्जा किया गया था। मामले की सुनवाई तहसीलदार न्यायालय में हुई, लेकिन कब्जे के समर्थन में कोई वैध साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद न्यायालय ने ध्वस्तीकरण का आदेश दिया, जिसका पालन कराया गया। डीएम ने कहा कि जमीन की मौजूदा बाजार कीमत करीब सवा से डेढ़ करोड़ रुपये है और इस पर करीब दस वर्ष से कब्जा होने की आशंका है। प्रशासन कब्जाधारियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी करेगा। उन्होंने बताया कि दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए यह जमीन भूमिहीन परिवारों को पट्टे पर देने की योजना है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन ने अवैध कब्जाधारियों से स्वयं कब्जा हटाने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि अन्यथा उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी
संभल में सरकारी बंजर भूमि से अवैध कब्जा हटाया, इमामबाड़ा और मजार पर चला बुलडोजर
