मनोरंजन : बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लॉरेंस गैंग की ओर से आमिर खान को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई है। बताया जा रहा है कि गैंग की तरफ से एक लेटर और ऑडियो मैसेज जारी किया गया है, जिसमें आमिर खान की हाल ही में हुई तीसरी शादी को ‘लव जिहाद’ बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई गई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह कथित लेटर आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई के नाम से जारी किया गया है। इसमें लिखा गया है कि जो लोग देश की संस्कृति के खिलाफ जाकर लव जिहाद को बढ़ावा देंगे, उन्हें बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जल्द ही उन्हें इसका जवाब दिया जाएगा। हालांकि, इस कथित धमकी की आधिकारिक पुष्टि अभी तक मुंबई पुलिस की ओर से नहीं की गई है। आमिर खान की टीम की तरफ से भी इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इस बीच, दैनिक भास्कर से बातचीत में हाईकोर्ट के वकील अजय पंचोली ने इस खबर की पुष्टि किए जाने की बात कही है। वहीं, आमिर खान पहले ही अपनी तीसरी शादी को लेकर लग रहे ‘लव जिहाद’ के आरोपों पर सफाई दे चुके हैं। रेडिफ को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि उनकी तीनों शादियां स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत सिविल मैरिज रही हैं और किसी भी पत्नी ने धर्म परिवर्तन नहीं किया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी तीसरी पत्नी गौरी स्प्रैट हिंदू नहीं बल्कि ईसाई हैं।
आमिर खान ने यह भी बताया कि उनकी बेटी इरा खान की शादी एक हिंदू युवक से हुई है, जबकि उनकी दोनों बहनों के पति भी हिंदू हैं। उन्होंने कहा कि उनके परिवार में अलग-अलग धर्मों के लोगों के बीच विवाह होना कोई नई बात नहीं है और इसे किसी धार्मिक एजेंडे से जोड़ना गलत है।
गौरतलब है कि आमिर खान और गौरी स्प्रैट ने 5 जुलाई को मुंबई के पाली हिल स्थित आमिर के घर पर बेहद निजी समारोह में स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत शादी का पंजीकरण कराया था। फिलहाल कथित धमकी को लेकर पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है और मामले पर सभी की नजर बनी हुई है।
