रॉन्ग साइड से आए ट्रक ने भोजपुरी अभिनेता रोहित शर्मा को कुचला, शूटिंग से लौटते वक्त दर्दनाक मौत

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में भोजपुरी अभिनेता और निर्देशक रोहित शर्मा की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा गुडंबा थाना क्षेत्र के रिंग रोड पर उस समय हुआ, जब रोहित अपने दोस्त के साथ फिल्म की शूटिंग पूरी कर बाइक से घर लौट रहे थे। रॉन्ग साइड से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रोहित की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद दोस्त शोभित गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में उनका उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, 26 वर्षीय रोहित शर्मा मूल रूप से कुशीनगर के तुरपट्टी गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में लखनऊ के चिनहट स्थित कमता इलाके में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। वह भोजपुरी फिल्मों में अभिनय और निर्देशन कर चुके थे। साथ ही आईटीआई के द्वितीय वर्ष के छात्र भी थे।

परिजनों ने बताया कि सोमवार शाम रोहित मलिहाबाद में भोजपुरी फिल्म की शूटिंग के लिए गए थे। मंगलवार सुबह करीब चार बजे लौटते समय गुडंबा के रिंग रोड पर टीवीएस शोरूम के सामने डिवाइडर तोड़कर रॉन्ग साइड से आए ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित का हेलमेट टूट गया और उनके सिर व पैरों में गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल रोहित को राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के मुताबिक, पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण रोहित ने कुछ समय के लिए फिल्मी करियर से दूरी बना ली थी, लेकिन हाल ही में उन्होंने फिर से अभिनय और निर्देशन की शुरुआत की थी। पुलिस ने ट्रक का नंबर और चालक की पहचान कर ली है तथा उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Related posts