मनोरंजन: सलमान खान एक बार फिर अपनी सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सुर्खियों में हैं। देर रात उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी दो शर्टलेस तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें वह जिम के अंदर फिटनेस लुक में नजर आ रहे हैं। तस्वीरों से ज्यादा चर्चा उनके कैप्शन की हो रही है। सलमान ने लिखा, “सलमान खान डर गया… हम्म्म, जो डर गया समझो मर गया।” इस रहस्यमयी पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे। कुछ लोग इसे उनकी आने वाली फिल्म से जोड़ रहे हैं, तो कुछ इसे हाल के घटनाक्रम पर उनकी प्रतिक्रिया मान रहे हैं। पोस्ट को कुछ ही घंटों में 13 लाख से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं और हजारों यूजर्स इस पर अपनी राय दे रहे हैं।
सलमान खान इन दिनों जंतर-मंतर पर चल रहे स्टूडेंट प्रोटेस्ट का समर्थन करने को लेकर भी लगातार चर्चा में हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने छात्रों के समर्थन में एक लंबा संदेश साझा किया था। उन्होंने कहा था कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण था और इसका हिंसक हो जाना बेहद दुखद है। उन्होंने घायल छात्रों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर छात्रों का एकजुट होकर आवाज उठाना देश की शिक्षा व्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत है।
सलमान ने अपने संदेश में छात्रों की मेहनत, ईमानदारी और बेहतर भविष्य बनाने के जज्बे की सराहना की। उन्होंने कहा कि यही युवा देश का भविष्य हैं और एक मजबूत व शिक्षित भारत का निर्माण करेंगे। साथ ही उन्होंने अपील की कि इस आंदोलन को राजनीतिक रंग न दिया जाए, क्योंकि यह छात्रों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने सरकार से भी उम्मीद जताई कि छात्रों की मांगों पर सकारात्मक फैसला लिया जाएगा। अब उनकी नई क्रिप्टिक पोस्ट ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है और फैंस इसके असली मतलब का इंतजार कर रहे हैं।
