मनोरंजन : बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनोट अपने बेबाक और अक्सर विवादित बयानों के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बेहद आक्रामक पोस्ट साझा कर एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। इस बार उनके निशाने पर नई पीढ़ी की भारतीय महिलाएं हैं। कंगना ने पश्चिमी सभ्यता और सोच से प्रभावित आज की युवा महिलाओं को ‘गटर जेनरेशन’ करार दिया है। उन्होंने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि आज की कुछ युवा हिंदू महिलाएं स्वतंत्र और सफल करियर वाली महिलाओं की नकल करने की कोशिश तो कर रही हैं, लेकिन वे उस स्वतंत्रता के साथ आने वाली जिम्मेदारियों से पूरी तरह भाग रही हैं।
कंगना ने अपनी पोस्ट में लिखा कि सच्ची स्वतंत्रता का मतलब विद्रोही फैसले लेना, बेबाक राय रखना और अपने दम पर लीक से हटकर करियर चुनना होता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि असल में स्वतंत्र महिलाएं अपने हर फैसले की पूरी जिम्मेदारी खुद उठाती हैं और अपने कर्मों की कीमत खुद चुकाती हैं, वे अपने परिवार या माता-पिता पर बोझ नहीं बनतीं। इसके विपरीत, आज की तथाकथित आधुनिक महिलाएं नशे करने, शराब पीने और कई आदमियों के साथ यौन संबंध बनाने को ही असली आजादी मान बैठी हैं।
अभिनेत्री से नेता बनीं कंगना यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने इन महिलाओं की योग्यता पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि इस नई पीढ़ी के पास समाज को देने के लिए कुछ भी सकारात्मक नहीं है। वे न तो पढ़ाई-लिखाई में अच्छी हैं और न ही उनके पास कोई रचनात्मक सोच है। कंगना के अनुसार, इन महिलाओं की मानसिकता और सोच इतनी भ्रष्ट हो चुकी है कि वे एक अच्छी गृहणी (हाउसवाइफ) बनने के लायक भी नहीं बची हैं। कंगना का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने एक बार फिर आधुनिकता, नारीवाद और पारंपरिक मूल्यों पर एक नई बहस को जन्म दे दिया है।
