असम की जेलों से सामने आई एक स्वास्थ्य संबंधी खबर ने चिंता बढ़ा दी है। राज्य की 31 जेलों में पिछले चार महीनों के दौरान 226 कैदी HIV पॉजिटिव पाए गए हैं।रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल से जुलाई के बीच असम की 31 जेलों में कैदियों की HIV स्क्रीनिंग की गई। इस दौरान 226 कैदी HIV पॉजिटिव मिले। इनमें से 202 कैदी एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी यानी ART ले रहे हैं।मामले को लेकर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है कि सरकार HIV संक्रमण के मामलों की विस्तृत जांच करेगी। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि संक्रमण किन परिस्थितियों में हुआ। मुख्यमंत्री ने प्रभावित कैदियों को जरूरी मेडिकल केयर और इलाज उपलब्ध कराने की बात भी कही है।
वहीं, श्रीभूमि जिला जेल में 445 कैदियों में से 11 कैदी HIV पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें एक महिला कैदी भी शामिल बताई जा रही है। जेल अधिकारियों के मुताबिक, ज्यादातर संक्रमित कैदी NDPS से जुड़े मामलों में बंद हैं।इसी बीच गुवाहाटी सेंट्रल जेल में भी 38 कैदियों के HIV पॉजिटिव पाए जाने की खबर सामने आई थी। अधिकारियों के मुताबिक, ये मामले जेल में दाखिले के बाद हुई मेडिकल स्क्रीनिंग के दौरान सामने आए थे।
स्वास्थ्य अधिकारियों की टीमें जेलों में HIV टेस्टिंग, इलाज और काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध करा रही हैं। कुछ मामलों में सुरक्षा कारणों से कैदियों को ART सेंटर तक ले जाना मुश्किल होने पर मेडिकल टीमें जेल में ही सेवाएं दे रही हैं।अब बड़ा सवाल यही है कि जेलों में HIV संक्रमण के इन मामलों की वजह क्या है और संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार आगे क्या कदम उठाती है। मामले को लेकर जांच और मेडिकल देखभाल पर सरकार का फोकस है।
