लखनऊ में विधायक निवास के बाहर टावर पर चढ़ा युवक: अयोध्या से पहुंचा था, बोला- मारपीट के बाद मेरे ही खिलाफ मुकदमा हुआ

लखनऊ के हजरतगंज इलाके में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब करीब 30 साल का एक युवक दारुलशफा स्थित विधायक निवास के बाहर टावर पर चढ़ गया। युवक ने आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट की गई, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय उसके खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया। न्याय नहीं मिलने से परेशान होकर वह टावर पर चढ़ा था।

सूचना मिलते ही हजरतगंज पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। युवक काफी ऊंचाई पर था और नीचे आने को तैयार नहीं था। फायर फाइटर्स ने हाइड्रोलिक मशीन की मदद से उसके पास पहुंचकर काफी देर तक बातचीत की और उसे समझाया।

युवक ने अपनी पहचान अंकुर सिंह, निवासी अयोध्या के बाबा बाजार थाना क्षेत्र के रामपुर जनक गांव के रूप में बताई। उसका आरोप है कि 28 मई को उसके साथ मारपीट हुई थी। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज किए गए। अंकुर का दावा है कि उसने पुलिस से शिकायत की, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई।

युवक ने यह भी आरोप लगाया कि उससे पांच हजार रुपये लेकर उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए। उसने अपने मोबाइल फोन में शिकायत से जुड़े दस्तावेज भी पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों को दिखाए।

अंकुर का कहना था कि जान से मारने की धमकी मिलने के बाद उसकी शिकायत पर मुकदमा तो दर्ज हुआ, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। इसी से नाराज होकर वह लखनऊ पहुंचा था और टावर पर चढ़ गया।

फायर फाइटर्स के समझाने और कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद युवक नीचे आने के लिए तैयार हुआ। उसे हाइड्रोलिक मशीन की मदद से सुरक्षित नीचे उतारा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो बोतलों में करीब दो लीटर पेट्रोल भी मिला।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक की शिकायतों और लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।

Related posts