CHINA: चीन के किंगदाओ शहर से एक बड़े समुद्री हादसे की खबर सामने आई है। यहां मरम्मत के लिए खड़े लाइबेरिया के झंडे वाले एक मालवाहक जहाज में भीषण आग लग गई। हादसे में अब तक 25 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि जहाज पर कुल 42 लोग मौजूद थे।
न्यूज एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, आग गुरुवार सुबह करीब 11 बजे बेइहाई शिपयार्ड में लगी। जिस समय हादसा हुआ, उस वक्त जहाज पर मरम्मत का काम चल रहा था। आग इतनी तेजी से फैली कि जहाज पर मौजूद लोगों को निकालने के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना पड़ा।
करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 2:30 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। जानकारी के मुताबिक, 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि कुछ लोग लापता बताए गए थे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
हादसा ‘ओशन मेलोडी’ नाम के ड्राई बल्क कैरियर में हुआ। आग लगने की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है और इसकी जांच की जा रही है।
हादसे के बाद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बचाव अभियान तेज करने और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री ली च्यांग ने भी फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और घायलों को बेहतर इलाज देने पर जोर दिया है।
जिस बेइहाई शिपयार्ड में यह हादसा हुआ, वह चीन की सरकारी कंपनी चाइना स्टेट शिपबिल्डिंग कॉरपोरेशन यानी CSSC के अधीन है।
खास बात यह है कि करीब एक महीने के भीतर चीन के किसी शिपयार्ड में यह दूसरा गंभीर हादसा है। इससे पहले 13 अगस्त को फुजियान के फुआन में एक जहाज में आग लगने के बाद विस्फोट हुआ था, जिसमें एक बचावकर्मी की मौत और 11 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई थी।
