दहेज में कार नहीं मिली तो पत्नी को तीन तलाक देकर चौराहे पर छोड़ा, दूसरी शादी का आरोप; पति समेत 5 पर FIR

एटा। दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर पत्नी को कथित तौर पर प्रताड़ित करने और तीन तलाक देकर चौराहे पर छोड़ने का मामला सामने आया है। एटा की रहने वाली 28 वर्षीय महिला ने अपने पति और ससुरालवालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि शादी के कुछ ही समय बाद कार की मांग को लेकर उसे परेशान किया जाने लगा। मामले में पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

पीड़िता मंतशा के मुताबिक, उसकी शादी 3 दिसंबर 2025 को अलीगढ़ निवासी शारिक सैफी से हुई थी। परिवार ने शादी में करीब 5 लाख रुपये नकद, जेवर और अन्य सामान दिया था। आरोप है कि शादी के बाद ससुरालवालों ने कार की मांग शुरू कर दी और उसे ताने दिए जाने लगे।

मंतशा का आरोप है कि 15 फरवरी को पति और ससुराल के लोग उसे कार में बैठाकर एटा के अली मोहम्मद चौराहे पर लेकर आए। वहां पति ने कथित तौर पर तीन बार तलाक बोलकर उसे छोड़ दिया। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच कई बार पंचायत और समझौते की कोशिश हुई, लेकिन मामला नहीं सुलझा।

पीड़िता का यह भी आरोप है कि उसके पति ने अब दूसरी शादी कर ली है। साथ ही उसने पति के दिल्ली में एक किन्नर के संपर्क में होने का भी आरोप लगाया है। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

मंतशा के पिता सुभान सैफी का कहना है कि बेटी की शादी के लिए उन्होंने कर्ज लिया था, जिसे अभी तक चुका रहे हैं। उनका आरोप है कि ससुरालवालों ने शादी के बाद से ही कार को लेकर दबाव बनाया।

कोतवाली नगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र पवार के मुताबिक, पति शारिक सैफी, ससुर नईम अख्तर, सास समीम बानो, ननद शाइस्ता और नंदोई आसिफ सैफी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related posts