नौ हजार से अधिक देवी-देवताओं की मूर्तियों का ससम्मान विसर्जन, गोमती दर्शन ने चलाया विशेष अभियान

लखनऊ, 21 नवंबर 2026। आदि गंगा माँ गोमती पुनरोद्धार अभियान के अंतर्गत गोमती दर्शन द्वारा शनिवार को प्रातः 6:30 बजे घैला घाट, आईआईएम रोड, लखनऊ में देव मूर्ति सम्मान एवं विसर्जन अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर अव्यवस्थित रूप से रखी गई नौ हजार से अधिक देवी-देवताओं की मूर्तियों को एकत्रित कर पूरे धार्मिक सम्मान एवं विधि-विधान के साथ गोमती तट पर बनाए गए विशेष कुंड में विसर्जित किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे गोमती दर्शन के संयोजक अधिवक्ता अनुराग पाण्डेय एवं अध्यक्ष श्वेता सिंह ने कहा कि आदि गंगा माँ गोमती की अविरलता और निर्मलता बनाए रखना हम सभी का संकल्प है। हमारा प्रयास है कि पक्की मिट्टी, प्लास्टर ऑफ पेरिस, फाइबर एवं प्लास्टिक से निर्मित मूर्तियाँ किसी भी परिस्थिति में माँ गोमती की जलधारा में न पहुँचें। इसके लिए जन-जन तक जागरूकता का संदेश पहुँचाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि नदियों में पक्की मिट्टी, प्लास्टर ऑफ पेरिस और प्लास्टिक की मूर्तियों के विसर्जन की परंपरा कभी हमारी संस्कृति का हिस्सा नहीं रही है। हमारी परंपरा प्रकृति के अनुकूल रही है। इसलिए हमें कच्ची मिट्टी, गोबर एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल सामग्रियों से निर्मित मूर्तियों को प्रोत्साहित करना चाहिए, जिससे धार्मिक आस्था भी सुरक्षित रहे और नदियों का पर्यावरण भी संरक्षित रहे।

उन्होंने कहा कि माँ गोमती केवल उत्तर प्रदेश की ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत है। इसका संरक्षण किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का साझा दायित्व है। गोमती दर्शन द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान धार्मिक आस्था के सम्मान के साथ नदी संरक्षण और जन-जागरण का एक सतत प्रयास है।

कार्यक्रम के संयोजक अभिनव तिवारी एवं पूर्व पार्षद भारत सिंह राजपूत रहे। कार्यक्रम में सीताराम परिवार द्वारा भी विशेष सहयोग प्रदान किया गया।

इस अवसर पर मुख्य रूप से पंकज शुक्ला, कमल मिश्रा, अर्पित शुक्ला, गुड्डू पाण्डेय, अरविंद पाण्डेय, गोपाल नारायण शुक्ला, संजय यादव, निशा सिंह, रुचि शर्मा, सूरज राजपूत, शर्मिला पाण्डेय, आदर्श मिश्रा, अभिषेक मिश्रा, अभिषेक त्रिपाठी, यूबी सिंह, प्रदीप शुक्ला, रिंकी यादव, लवकुश शुक्ला, अनूप पाण्डेय, शिवानी जायसवाल, निर्मला सिंह, सनी साहू, राजेंद्र कुमार शुक्ला, प्रांशु शुक्ला, विकास तिवारी, मनोज पाण्डेय, अनुपम गुप्ता, अश्वनी कुमार, आनंद आजाद एवं जितेंद्र जायसवाल सहित बड़ी संख्या में गोमती सेवक एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।

गोमती दर्शन का संकल्प है कि धार्मिक आस्था का सम्मान भी हो और माँ गोमती की निर्मलता एवं अविरलता भी बनी रहे।

आस्था का सम्मान – नदी का संरक्षण – पर्यावरण का संवर्धन।

Related posts