नई दिल्ली। WhatsApp यूजर्स के लिए एक नया और उपयोगी फीचर शुरू किया जा रहा है। अब यूजर्स व्यक्तिगत और ग्रुप चैट में 10 मिनट से लेकर 14 दिन पहले तक मैसेज शेड्यूल कर सकेंगे। यानी यूजर अपनी सुविधा के अनुसार मैसेज भेजने की तारीख और समय पहले से तय कर सकता है।
ANI के मुताबिक, WhatsApp ने यह फीचर iOS और Android यूजर्स के लिए वैश्विक स्तर पर रोल आउट करना शुरू कर दिया है। इस फीचर की मदद से तय समय पर मैसेज अपने आप डिलीवर हो जाएगा। इसके लिए यूजर का उस समय ऑनलाइन होना भी जरूरी नहीं होगा।
कैसे शेड्यूल कर सकेंगे मैसेज?
TechCrunch की रिपोर्ट के अनुसार, यूजर्स को चैट में मैसेज टाइप करने के बाद सेंड बटन को दबाकर रखना होगा। इसके बाद तारीख और समय चुनकर मैसेज शेड्यूल किया जा सकेगा। यूजर्स अपने सभी शेड्यूल किए गए मैसेज देख सकेंगे और जरूरत पड़ने पर उन्हें डिलीट भी कर पाएंगे।
फोन बंद होने पर भी पहुंचेगा मैसेज
इस फीचर की खास बात यह है कि शेड्यूल किया गया मैसेज तय समय पर भेजा जाएगा, भले ही उस समय यूजर का फोन बंद हो या उसमें इंटरनेट कनेक्शन उपलब्ध न हो। यूजर्स केवल टेक्स्ट ही नहीं, बल्कि फोटो और वीडियो भी शेड्यूल कर सकेंगे।
जन्मदिन की बधाई से लेकर बिजनेस रिमाइंडर तक होगा आसान
WhatsApp का यह फीचर जन्मदिन की शुभकामनाएं समय पर भेजने, अलग-अलग टाइम जोन में रहने वाले लोगों से संपर्क बनाए रखने और बिजनेस अपडेट की योजना बनाने में मददगार हो सकता है। ऑफिस और टीमों के लिए रिमाइंडर भेजना भी आसान होगा।
कंपनी ने अपने ब्लॉग पोस्ट में इस फीचर को यूजर्स की ओर से सबसे ज्यादा मांग किए जाने वाले फीचर्स में से एक बताया है। हालांकि, शेड्यूल किए गए मैसेज का समय बाद में बदला जा सकेगा या नहीं, इस बारे में फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
