नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा में साइबर ठगी और अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। यहां अच्छी नौकरी और मोटी सैलरी का लालच देकर विदेशों से युवाओं को भारत बुलाया जाता था। इसके बाद उनके पासपोर्ट छीनकर उन्हें बंधक बना लिया जाता था और जबरन साइबर ठगी के काम में लगाया जाता था। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए इस नेटवर्क के चंगुल से 164 विदेशी नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला है।
इनमें इंडोनेशिया के 92 और मलेशिया के 72 नागरिक शामिल हैं। पुलिस ने नोएडा के सेक्टर-136 स्थित एक कॉल सेंटर पर छापा मारकर बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। मौके से 355 मोबाइल फोन, 175 से अधिक डेस्कटॉप और लैपटॉप, कई सिम कार्ड और करीब 175 पासपोर्ट जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क के लोग विदेशी नागरिकों को भारत में अच्छी नौकरी और बेहतर करियर का भरोसा दिलाते थे। बिजनेस वीजा पर भारत पहुंचने के बाद उनके दस्तावेज छीन लिए जाते थे। उन्हें पीजी में रखा जाता था और बिना अनुमति बाहर जाने नहीं दिया जाता था। विरोध करने या ठगी का काम करने से इनकार करने पर उनके साथ मारपीट भी की जाती थी।
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने साइबर ठगी के लिए फर्जी महिला पहचान और सोशल मीडिया प्रोफाइल तैयार की थीं। इनके जरिए लोगों से दोस्ती बढ़ाई जाती और फिर फर्जी ट्रेडिंग तथा निवेश प्लेटफॉर्म पर पैसा लगाने के लिए उकसाया जाता था।
पुलिस ने मलेशियाई नागरिक तन गुआन वेई को गिरफ्तार किया है, जबकि भारतीय हैंडलर सुनील कुमार और सुशील कुमार फरार बताए जा रहे हैं।
विदेशी नागरिकों को कॉल सेंटर तक लाने-ले जाने के लिए करीब 40 कैब लगाई गई थीं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क, विदेशी एजेंटों और पीजी संचालकों की भूमिका की जांच कर रही है।
