लखनऊ में 10 साल बाद मां की बेइज्जती का बेटे ने लिया बदला, दोस्तों के साथ मिलकर किया मर्डर 

Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में पुलिस ने नारियल पानी बेचने वाले मनोज की हत्या का खुलासा किया है। पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी सोनू ने 10 साल पहले हुए विवाद में बदला लेने के लिए साजिश कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

मुख्य आरोपी सोनू कश्यप ने अपनी मां की बेइज्जती का बदला लेने के लिए अपने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। दरअसल, 10 साल पहले मृतक मनोज और सोनू की मां के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद मनोज ने सोनू की मां की पिटाई कर दी थी। इसके बाद मनोज इलाका छोड़कर कहीं भाग गया था।

सोनू को इस बात का गहरा दुख था कि उसकी मां को उसके सामने पीटा गया और वह कुछ भी नहीं कर सका। इस विवाद के बाद मनोज और उसके पिता ने इलाका छोड़ दिया था।

10 साल बाद अचानक सोनू ने मनोज को एक दिन लखनऊ के मुंशी पुलिया इलाके में देखा। इसके बाद उसने मनोज का पीछा करना शुरू किया, और दोस्तों की मदद से योजना बनाई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्य आरोपी सोनू ने अपने 4 दोस्तों को पार्टी का लालच देकर हत्या में शामिल किया। उसने मनोज 22 मई को हत्या की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने उस पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी।

इस हत्या की पूरी घटना पास में लगे CCTV में कैद हो गई थी। कई CCTV फुटेज खंगालने के बावजूद पुलिस शुरू में मामले को सुलझा नहीं पाई. फिर एक CCTV फुटेज में पुलिस ने देखा कि आरोपियों में से एक ने ऑरेंज रंग की डेविल टी-शर्ट पहनी थी। पुलिस ने सोशल मीडिया प्रोफाइल्स की जांच शुरू की और उसी टी-शर्ट वाली फोटो पार्टी के दौरान सोशल मीडिया पर मिली. इस सुराग के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सोनू कश्यप, रंजीत, आदिल, सलामू और रहमत अली को गिरफ्तार कर लिया।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया TRUTH WATCH INDIA के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts