नई दिल्ली: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने अपने ‘आर्टेमिस II’ मिशन के लॉन्च की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह मिशन आज कैनेडी स्पेस सेंटर से लॉन्च होने के लिए तैयार है। नासा के अधिकारियों के मुताबिक, लॉन्च पैड पर मौजूद विशाल मून रॉकेट पूरी तरह से ठीक काम कर रहा है। आज शाम को होने वाले इस लॉन्च के लिए मौसम विभाग ने भी इसे हरी झंडी दे दी है। आर्टेमिस कार्यक्रम के तहत यह पहला ऐसा मिशन होगा जिसमें इंसानों को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा। इस मिशन में चार अंतरिक्ष यात्री लगभग 10 दिन की यात्रा पर चंद्रमा के चारों ओर जाएंगे। आर्टेमिस II मिशन खास इसलिए भी है क्योंकि अपोलो कार्यक्रम 1972 के बाद पहली बार इंसान लो-अर्थ ऑर्बिट से बाहर यानी पृथ्वी की निचली कक्षा से परे यात्रा करेंगे। इस मिशन में नासा के अंतरिक्ष यात्री रीड वाइसमैन, विक्टर ग्लोवर और क्रिस्टीना कोच और कनाडाई अंतरिक्ष यात्री जेरेमी हैनसेन शामिल होंगे। आर्टेमिस II मिशन में कई अहम सिस्टम का भी परीक्षण किया जाएगा, जिसमें इमरजेंसी प्रक्रियाएं, रेडिएशन से सुरक्षा और लेजर आधारित एडवांस कम्युनिकेशन तकनीक शामिल हैं। यह मिशन भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जिसमें चंद्रमा पर मानव मिशन और आगे चलकर मंगल ग्रह तक जाने की तैयारी शामिल है।
