नई दिल्ली। Apple ने अपने बड़े लॉन्च इवेंट में पहली बार फोल्डेबल iPhone पेश कर टेक्नोलॉजी की दुनिया में बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने iPhone Duo के साथ iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max समेत कुल 6 नए डिवाइस लॉन्च किए हैं। सबसे ज्यादा चर्चा Apple के पहले फोल्डेबल फोन की हो रही है, जिसकी भारत में शुरुआती कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है।
iPhone Duo में बाहर की तरफ 5.4 इंच का कवर डिस्प्ले और फोन खोलने पर 7.6 इंच की मुख्य स्क्रीन दी गई है। यह अब तक किसी iPhone में दी गई सबसे बड़ी स्क्रीन बताई जा रही है। बड़ी स्क्रीन पर एक साथ दो ऐप चलाने जैसी मल्टीटास्किंग सुविधा भी मिलेगी।
पहली बार डुअल-बैटरी सिस्टम
iPhone Duo की एक बड़ी खासियत इसका डुअल-बैटरी सिस्टम है। इसके अलावा फोन में फिजिकल SIM कार्ड का विकल्प नहीं होगा। यानी यह फोन केवल e-SIM के जरिए चलेगा।
फोन में A20 Pro प्रोसेसर और iOS 27 का सपोर्ट दिया गया है। कीमत की बात करें तो iPhone Duo की शुरुआती कीमत करीब ₹3 लाख और टॉप मॉडल की कीमत लगभग ₹4.50 लाख तक बताई गई है। भारत में इसकी बुकिंग 16 अक्टूबर से और बिक्री 23 अक्टूबर से शुरू होने की जानकारी दी गई है।
iPhone 18 Pro में कैमरे पर बड़ा फोकस
Apple ने इस बार iPhone 18 सीरीज में प्रीमियम मॉडल iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max पेश किए हैं। इन दोनों फोन में कैमरा सबसे बड़े अपग्रेड में से एक बताया जा रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, iPhone 18 Pro सीरीज में पहली बार DSLR कैमरों में इस्तेमाल होने वाली वैरिएबल अपर्चर तकनीक दी गई है। इससे अलग-अलग रोशनी की परिस्थितियों में फोटो क्वालिटी और कैमरा कंट्रोल बेहतर होने की उम्मीद है।
iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत ₹1,64,900, जबकि iPhone 18 Pro Max की कीमत ₹1,79,900 बताई गई है। इनकी बुकिंग 12 सितंबर और बिक्री 18 सितंबर से शुरू होगी।
Siri में भी AI का नया अंदाज
Apple ने Siri को भी ज्यादा स्मार्ट बनाने पर जोर दिया है। अब Siri स्क्रीन पर दिखाई दे रही चीजों को समझकर काम करने, ईमेल और कैलेंडर से व्यक्तिगत जानकारी निकालने और ऐप के भीतर कई काम करने में सक्षम होगी। इसके अलावा यूजर Siri को टाइप करके भी कमांड दे सकेंगे।
खास बात यह है कि Siri में ChatGPT सपोर्ट भी दिया गया है, जिससे मुश्किल सवालों, टेक्स्ट और अन्य कार्यों में AI की मदद ली जा सकेगी।
नए वियरेबल्स भी लॉन्च
Apple ने इवेंट में AirPods 5, Apple Watch Series 12 और Watch Ultra 4 भी पेश किए हैं। इस लॉन्च के साथ Apple ने फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में अपनी एंट्री के साथ-साथ iPhone कैमरा और AI फीचर्स पर भी बड़ा दांव लगाया है।
अब देखना होगा कि करीब ₹3 लाख से शुरू होने वाला iPhone Duo भारतीय बाजार में ग्राहकों को कितना आकर्षित करता है।
