रिटायर्ड ARTO के घर विजिलेंस का बड़ा छापा, 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और 1.62 करोड़ कैश बरामद

Lucknow: उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विजिलेंस विभाग ने रिटायर्ड सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, यानी ARTO, ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर छापेमारी कर करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति का खुलासा किया है। करीब 26 घंटे तक चली इस कार्रवाई में टीम ने 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी, हीरे के आभूषण और करीब 1 करोड़ 62 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। नकदी को घर की दीवारों और अलग-अलग कमरों में पैकेट बनाकर छिपाया गया था।

विजिलेंस के मुताबिक, बरामद सोना, चांदी और हीरे की अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपये है। इसके अलावा लखनऊ, नोएडा, बाराबंकी और रायबरेली में स्थित मकानों, फ्लैटों और कृषि भूमि से जुड़े 15 से अधिक संपत्तियों के दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। इन अचल संपत्तियों की कीमत लगभग 13 करोड़ रुपये आंकी गई है। कुल मिलाकर बरामद संपत्ति का मूल्य करीब 35 करोड़ रुपये बताया गया है।

जांच के दौरान टोयोटा इनोवा और हुंडई i20 कार, एक लाइसेंसी रिवॉल्वर, बैंक, पोस्ट ऑफिस, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में एक करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के दस्तावेज भी मिले हैं।

विजिलेंस के अनुसार, ललित कुमार के खिलाफ वर्ष 2024 में भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज हुई थी। आय और संपत्ति की जांच में सामने आया कि उनकी वैध आय लगभग 93 लाख रुपये थी, जबकि खर्च और संपत्ति का मूल्य 1 करोड़ 61 लाख रुपये से अधिक पाया गया। यानी उन्होंने अपनी वैध आय से लगभग 73.6 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित की, जिसका संतोषजनक जवाब वह नहीं दे सके। इसके बाद आय से अधिक संपत्ति के मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई। विजिलेंस अब बरामद संपत्तियों के स्रोत और अन्य वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच कर रही है।

Related posts