यूपी के मथुरा में 9 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति अभियान के तहत कार सेवा का होगा शुभारंभ

मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति अभियान के तहत प्रस्तावित कार सेवा को लेकर नई जानकारी सामने आई है। चित्रगुप्त पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने बताया कि पहले 9 अगस्त को दिल्ली में प्रस्तावित कार्यक्रम अब चित्रगुप्त पीठ, जुलहेंदी में आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि 9 अगस्त को कार्यशाला के भूमि पूजन के साथ कार सेवा का शुभारंभ किया जाएगा। इस दौरान कारीगर श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए पत्थरों का चयन और प्रारंभिक कार्य शुरू करेंगे। स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने इसे सनातन समाज की आस्था और सांस्कृतिक चेतना से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने जानकारी दी कि कार्यक्रम में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी महाराज, निर्मोही अखाड़े के महंत सीताराम दास सहित देशभर से बड़ी संख्या में साधु-संत शामिल होंगे। आयोजन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। गौरतलब है कि 4 जुलाई को कार सेवा के आह्वान के बाद यह मामला चर्चा में आया था। प्रशासन कार्यक्रम पर नजर बनाए हुए है, जबकि आयोजकों का कहना है कि आयोजन धार्मिक परंपराओं के अनुरूप शांतिपूर्ण ढंग से कराया जाएगा।

Related posts