लखनऊ। ज्येष्ठ माह के द्वितीय बड़े मंगल के पावन अवसर पर राजधानी के दुबग्गा बेगरिया मोड़ स्थित कानपुर बाईपास पर भक्ति और सेवा का अनुपम संगम देखने को मिला। यहाँ स्थित जय महाकाल कार बाज़ार के मुख्य कार्यालय पर हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष अवधेश पाण्डेय द्वारा भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बजरंग बली के विधिवत पूजन और आरती के साथ हुई, जिसके बाद पूरा क्षेत्र ‘जय श्रीराम’ और ‘जय बजरंग बली’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
भंडारे में मुख्य अतिथि के रूप में लखनऊ पश्चिम विधानसभा के वरिष्ठ भाजपा नेता विनीत शुक्ला (बीनू) ने शिरकत की।
उन्होंने हनुमान जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया और क्षेत्रीय भक्तों को प्रसाद वितरित किया। इस दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था और पूरा वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नज़र आया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से गिरिजा शंकर त्रिपाठी, भारतीय किसान यूनियन (अम्बावता) के युवा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नीलकमल पाण्डेय (नीलू), अंकित त्रिवेदी, कृष्णा शुक्ला, छतरी रावत, पवन दीक्षित और कौशल चौरसिया सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और क्षेत्रीय भक्त उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजक अवधेश पाण्डेय ने सभी आगंतुकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

