जैसलमेर: स्वर्णनगरी जैसलमेर में आगामी पर्यटन सीजन की शुरुआत के साथ ही हवाई सेवाओं का विस्तार होने जा रहा है। विंटर शेड्यूल के तहत 1 अक्टूबर से जैसलमेर एयरपोर्ट से फ्लाइट्स का संचालन शुरू होगा। इस बार जैसलमेर से दिल्ली, मुंबई, जयपुर और हैदराबाद के लिए सीधी उड़ानें उपलब्ध रहेंगी, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के निदेशक प्रमोद कुमार मीणा ने जानकारी दी कि इस पर्यटन सीजन में जैसलमेर से तीन प्रमुख एयरलाइंस अपनी सेवाएं शुरू करेंगी। खास बात यह है कि एयर इंडिया पहली बार जैसलमेर से हवाई सेवाएं शुरू करने जा रही है, जो कि एयर कनेक्टिविटी के लिहाज़ से एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
हवाई सेवाओं के पुनः आरंभ होने से स्थानीय व्यापारियों और पर्यटन से जुड़े लोगों में उत्साह है। व्यापारियों का कहना है कि इस बार बेहतर कनेक्टिविटी मिलने से शहर के पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, फोटोग्राफर्स, वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े लोगों और स्थानीय नागरिकों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
जैसलमेर अब मायानगरी मुंबई, राजधानी दिल्ली, गुलाबी नगर जयपुर और टेक हब हैदराबाद से सीधे जुड़ जाएगा, जिससे घरेलू पर्यटन को नई उड़ान मिलने की उम्मीद है। एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
