नई दिल्ली: विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर आज रूस के दौरे पर भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और सांस्कृतिक सहयोग पर आधारित 26वीं बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और सांस्कृतिक सहयोग पर चर्चा होगी, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करना है। द्विपक्षीय संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के उद्देश्य से आयोजित यह सत्र 19 से 21 अगस्त तक रूस की उनकी तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
विदेश मंत्री भारत-रूस व्यापार मंच को भी संबोधित करेंगे, जहां दोनों पक्ष व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने के अवसरों पर विचार-विमर्श करेंगे। विदेश मंत्री एस. जयशंकर, रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से भी मुलाकात करेंगे, जिसमें द्विपक्षीय मुद्दों की समीक्षा की जाएगी और क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। ये दौरा भारत और रूस के बीच लंबे समय से चले आ रहे विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। डॉ. एस. जयशंकर की यह यात्रा रूसी संघ के प्रथम उप-प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव के निमंत्रण पर हो रही है।
