भारत में Zee Entertainment Enterprises Limited पर दिखेगा FIFA World Cup 2026, ‘Unite 8 Sports’ और ZEE5 पर लाइव स्ट्रीमिंग

न्यू दिल्ली: भारत के फुटबॉल फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब FIFA World Cup 2026 का रोमांच देश में Zee Entertainment Enterprises Limited के प्लेटफॉर्म्स पर देखने को मिलेगा। कंपनी ने आधिकारिक तौर पर इस टूर्नामेंट के ब्रॉडकास्ट राइट्स हासिल कर लिए हैं, जिसके तहत दर्शक इसे टीवी पर ‘Unite 8 Sports’ चैनल और मोबाइल पर ZEE5 ऐप के जरिए लाइव देख सकेंगे। यह मेगा टूर्नामेंट 11 जून से 19 जुलाई 2026 तक अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा, जिसमें पहली बार 48 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे।

इस बार टाइम जोन का अंतर भारतीय दर्शकों के लिए एक चुनौती जरूर रहेगा, क्योंकि ज्यादातर मैच आधी रात के बाद प्रसारित होंगे। यही वजह रही कि कई ब्रॉडकास्टर्स ने शुरुआत में इसमें ज्यादा रुचि नहीं दिखाई। हालांकि, जी एंटरटेनमेंट ने इस मौके को भुनाते हुए 2026 और 2030 के मेंस वर्ल्ड कप, 2027 विमेंस वर्ल्ड कप और 2034 तक के कई बड़े फीफा इवेंट्स के मीडिया राइट्स अपने नाम कर लिए हैं।

कंपनी ने खेल प्रेमियों के लिए ‘Unite 8 Sports’ के तहत चार नए चैनल लॉन्च किए हैं, जिनमें हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में कंटेंट उपलब्ध होगा। खास बात यह है कि इन प्लेटफॉर्म्स पर सिर्फ फुटबॉल ही नहीं, बल्कि क्रिकेट, कबड्डी, बैडमिंटन और रेसलिंग जैसे अन्य खेलों का भी प्रसारण किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि पहले JioStar और फीफा के बीच ब्रॉडकास्ट डील को लेकर सहमति नहीं बन पाई थी, जिसके बाद जी एंटरटेनमेंट ने इस रेस में बाजी मार ली। लगभग 8 साल बाद स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग में जी की यह वापसी भारतीय स्पोर्ट्स मार्केट में नई प्रतिस्पर्धा और दर्शकों के लिए नए विकल्प लेकर आई है।

Related posts