पंजाब: सरकार किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी के पंजाब अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने सुनाम विधानसभा क्षेत्र के गांव अकबरपुर में घग्गर शाखा पर मोगा (पानी निकासी एवं वितरण संरचना) लगाने के कार्य का शिलान्यास किया।
इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र के लगभग 250 किसान परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। किसानों के खेतों तक नहरी पानी की पहुंच सुनिश्चित होगी, जिससे सिंचाई की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी। साथ ही खेती के लिए पानी की उपलब्धता बढ़ने से कृषि उत्पादन में भी वृद्धि होने की संभावना है।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और किसानों ने इस पहल का स्वागत किया तथा मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में नहरी पानी की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे अब सरकार ने प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया है।
अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। राज्य में अधिक से अधिक खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने के लिए कई योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भूजल पर निर्भरता कम करने और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नहर नेटवर्क को सुदृढ़ किया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस परियोजना से न केवल किसानों की सिंचाई संबंधी समस्याएं दूर होंगी, बल्कि खेती की लागत भी कम होगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी। पंजाब सरकार कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
