नई दिल्ली: स्पेन के फ्लारिज इलाके में फैली जंगल की आग ने भारी तबाही मचाई है। कई परिवारों ने अपने पुश्तैनी घर गंवा दिए हैं, जबकि प्रभावित क्षेत्रों में रेल और सड़क सेवाएं रोकनी पड़ी हैं। एक्स्त्रेमादुरा, गैलिसिया और कास्टिले व लियोन क्षेत्र आग की चपेट में हैं। कैमिनो दे सैंतियागो तीर्थ मार्ग का 50 किमी हिस्सा बंद किया गया है, जहां अब तक 38,000 हेक्टेयर वनस्पति जल चुकी है।
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने कहा है कि जंगल में लगी आग को देखते हुए उनकी सरकार नागरिक सुरक्षा आपातकाल की घोषणा करने जा रही है। सांचेज ने यह घोषणा मंगलवार को दक्षिण-पश्चिम स्पेन के कैसरेस में अग्निशमन नियंत्रण केंद्र के दौरे के दौरान की। कैसरेस, गैलिसिया और कैस्टिला-लियोन के उत्तर-पश्चिमी हिस्से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में शामिल हैं।
सिचुएशन को “आपदा” बताते हुए सांचेज ने कहा कि सरकार मदद करेगी। इसमें आग से नुकसान झेलने वालों को मुआवजा भी दिया जाएगा। यूरोपीय वन अग्नि सूचना प्रणाली के अनुसार, 2025 में अब तक स्पेन में 3.82 लाख हेक्टेयर से ज्यादा जमीन जल चुकी है। हैरानी की बात यह है कि इसमें से 3 लाख हेक्टेयर से ज्यादा इलाका सिर्फ पिछले दो हफ्तों में ही राख हो गया।
क्षेत्रीय आपातकालीन सेवाओं के अनुसार, इस महीने अब तक 4 लोगों की मौत हुई है और 30,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। सांचेज ने कहा कि जलवायु परिवर्तन से निपटना बहुत ज़रूरी है और यही इस संकट की मुख्य वजह है। उन्होंने कहा, “हम सिर्फ आग लगने के बाद कार्रवाई करने तक सीमित नहीं रह सकते। हमें पहले से तैयारी करनी होगी, ताकि आग लगने पर नुकसान कम हो।”
