गृहमंत्री अमित शाह ने मादक पदार्थ रोधी कार्यबल प्रमुखों के दूसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया

दिल्ली: गृह मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्‍ली में राज्‍यों और केन्‍द्र शासित प्रदेशों के मादक पदार्थ रोधी कार्यबल प्रमुखों के दूसरे राष्‍ट्रीय सम्‍मेलन का उद्घाटन किया। इसमें सरकारी विभागों के संबंधित पक्ष भी भाग ले रहे हैं। दो दिन का ये सम्‍मेलन देश को मादक पदार्थ मुक्‍त बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के संकल्‍प को मजबूती देगा और इस लक्ष्‍य को हासिल करने के लिए प्रारूप बनाने का मंच प्रदान करेगा।

अमित शाह ने कहा कि मादक पदार्थ मुक्‍त भारत अभियान फिलहाल देशभर के 372 जिलों में चलाया जा रहा है। उन्‍होंने कहा कि इस अभियान के साथ दस करोड़ लोग और तीन लाख शिक्षा संस्‍थान जुड़ें हैं। श्री शाह ने कहा कि यह अभियान देश के हर जिले में चलाया जाना चाहिए और सभी शिक्षा संस्‍थानों को इससे जुडना चाहिए। उन्‍होंने कहा कि मादक पदार्थ के खिलाफ लड़ाई तभी सफल हो सकती है जब केन्‍द्र और राज्‍य सरकारों के सभी विभाग एक दिशा में मिलकर साथ काम करें।

इस अवसर पर श्री अमित शाह ने मादक पदार्थ नियंत्रण ब्‍यूरो वार्षिक रिपोर्ट 2024 को भी जारी किया और ऑनलाइन मादक पदार्थ के निस्‍तारण संबंधी अभियान का भी शुभारंभ किया। सम्‍मेलन के दौरान आठ तकनीकी सत्र अयोजित किए जाएंगे। इस सम्‍मेलन का विषय है- संयुक्‍त संकल्‍प, साझा दायित्‍व।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया TRUTH WATCH INDIA के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts