उत्तर प्रदेश :लखनऊ में बड़े भाई ने सो रहे छोटे भाई के सिर पर रॉड मारकर उसकी हत्या कर दी। दोनों ने रात में शराब पी थी। उसके बाद दोनों में विवाद हो गया। झगड़ा बढ़ा तो मां ने किसी तरह शांत कराया। जब छोटा भाई सो गया तो बड़े ने उसके सिर पर लोहे का रॉड मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामला बंथरा थाना क्षेत्र के खांडेदेव गांव का है। वारदात रविवार रात करीब 11 बजे की है। इसकी जानकारी सोमवार तड़के मां को तब हुई जब वह छोटे बेटे को जगाने गई। उसके चेहरे से चादर हटाई तो सिर और चेहरा खून से सना हुआ था। यह देखते ही मां बिलख पड़ी। इससे पड़ोसी भी जागकर वहां आ गए।
मृतक की पहचान आलोक उर्फ गोलू (24) के रूप में हुई है। बड़े भाई श्रवण गौतम (30) ने उसके सिर पर रॉड से मारा। हत्या के बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है। आरोपी 3 भाई हैं। मझला भाई वीरेंद्र उर्फ अटल मानसिक रूप से कमजोर है। हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने श्रवण को हिरासत में ले लिया।
