देश: ऑपरेशन सिंदूर के दौरान निशाना बनाए गए आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के बहलावलपुर स्थित मुख्यालय को लेकर एक नई रिपोर्ट सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, हमले में क्षतिग्रस्त हुए मरकज सुभानअल्लाह परिसर की दोबारा मरम्मत और निर्माण का काम तेजी से किया गया है। बताया जा रहा है कि परिसर के गुंबद की मरम्मत की गई है, जबकि नई संगमरमर की सतह और प्लास्टर भी लगाया गया है।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जैश के इस महत्वपूर्ण ठिकाने को भारी नुकसान पहुंचा था। इसके बाद पाकिस्तान के बहलावलपुर में स्थित परिसर के क्षतिग्रस्त हिस्सों को दोबारा तैयार करने की कोशिश शुरू की गई। अब सामने आई तस्वीरों और रिपोर्ट्स में इमारत के बाहरी हिस्से पर नए निर्माण और मरम्मत के संकेत दिखाई देने की बात कही जा रही है।
मरकज सुभानअल्लाह को लंबे समय से जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख ठिकानों में गिना जाता रहा है। ऐसे में इस परिसर की मरम्मत की खबर सुरक्षा एजेंसियों के लिए भी अहम मानी जा रही है। हालांकि इस बात पर भी नजर रखी जा रही है कि इमारत की मरम्मत सिर्फ ढांचे को ठीक करने तक सीमित है या फिर वहां किसी तरह की गतिविधियों को दोबारा शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद इस परिसर को हुए नुकसान को भारत की आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई के तौर पर देखा गया था। अब इसके दोबारा तैयार होने की खबर ने एक बार फिर बहलावलपुर स्थित जैश के इस मुख्यालय को चर्चा में ला दिया है। आने वाले दिनों में इस पर सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों की नजर बनी रह सकती है।
