पंजाब: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज संगरूर जिले के धूरी में ‘माँ-बेटी सम्मान योजना’ का ऐतिहासिक शुभारंभ किया। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को वित्तीय सहायता देकर उन्हें सम्मान और आत्मनिर्भरता प्रदान करना है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि योजना के तहत सामान्य वर्ग की पात्र महिलाओं को ₹1000 प्रति माह, जबकि दलित समाज की पात्र महिलाओं को ₹1500 प्रति माह की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
योजना की शुरुआत के साथ ही सरकार ने जुलाई, अगस्त और सितंबर यानी तीन महीनों की सहायता राशि एक साथ लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी। सामान्य वर्ग की महिलाओं के खातों में ₹3000, जबकि दलित वर्ग की महिलाओं के खातों में ₹4500 सीधे डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजे गए। कार्यक्रम के दौरान ही कई महिलाओं के मोबाइल पर राशि जमा होने के संदेश भी प्राप्त हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ एक आर्थिक सहायता योजना नहीं, बल्कि राज्य की माँ-बेटियों के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार ने इस योजना के लिए पूरी वित्तीय व्यवस्था सुनिश्चित की है ताकि यह भविष्य में भी लगातार चलती रहे।
भगवंत मान ने कहा कि बढ़ती महंगाई के दौर में यह सहायता गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। सरकार का लक्ष्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।
इस योजना के शुभारंभ के साथ पंजाब सरकार ने महिला कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल की है, जिससे लाखों महिलाओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
