बिहार: मुजफ्फरपुर के अस्पताल में लगी भीषण आग

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के एक प्राइवेट अस्पताल में आग लगने के चलते कई लोगों की मौत हो गई है। यह घटना दिल्ली के होटल में लगी आग के अगले ही दिन हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अस्पताल के ICU में आग लगी थी और कई हिस्सों में आग फैल जाने के चलते अभी तक 4 लोगों की मौत हो गई है। लोगों ने बताया कि यह घटना बुधवार-गुरुवार की देर रात लगभग 4 बजे लगी। पीड़ित परिवारों का आरोप है कि आग लगने के बाद अस्पताल प्रशासन के लोग भाग खड़े हुए।

रिपोर्ट के मुताबिक, आग बुझाने के लिए पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने अस्पताल की खिड़कियों के शीशे तोड़कर भी लोगों को बाहर निकाला और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कई लोग बुरी तरह जल गए हैं और उन्हें घायल अवस्था में ही दूसरे अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।इस घटना के बारे में मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने कहा है, ‘मुजफ्फरपुर के प्रसाद अस्पताल के ICU में लगी भीषण आग के कारण कई लोगों की जान चली गई। घटनास्थल पर तुरंत पहुंची दमकल की टीमों ने आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, इस घटना में तीन लोगों की मौत हुई है। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।’

 

एक पुलिस अधिकारी ने इस घटना के बारे में मीडिया से कहा है, ‘हमें रात के 3 बजकर 55 मिनट पर सूचना मिली कि प्रसाद हॉस्पिटल के ICU में आग लगी हुई है। हमने तुरंत ऐक्शन लिया और एक-एक करके कुल 6 गाड़ियां भेजी गईं। हमने कम से कम 10 लोगों को जिंदा बचाया है और लगभग 10 लोगों को मृत स्थिति में निकाला गया है। अस्पताल और मरीजों के परिजन ने भी मदद की। अभी हमें गिनती करनी है कि असल में कितने लोगों की मौत हुई है। शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी।’

Related posts