‘मुझे पति की मौत का गम नहीं है। वो मर गया, ठीक हुआ। उसका दूसरी महिला से अफेयर था। टोकने पर मुझे पीटता था। कहता था कि घर में रहना है तो मेरे हिसाब से रहो, वरना मारकर भगा दूंगा। मैं कमाती थी तो पैसा वो रख लेता था। उससे तंग आ गई थी। इसलिए मैंने भी वैन ड्राइवर से दोस्ती कर ली।’
मेरठ में पति अतुल पवार (32) को सांप से डसवाने वाली पत्नी दामिनी (30) ने पुलिस पूछताछ में ये बातें कहीं। पत्नी को सांप से क्यों डसवाया? इस पर उसने कहा- मेरठ की ही रविता ने पति को सांप से कटवाया था। वो मर गया। लोग उसे हादसा मानकर भूल गए। मैंने भी सोचा कि हम लोगों पर किसी को शक नहीं होगा। गूगल पर सबसे ज्यादा जहरीले सांप के बारे में सर्च किया। वहीं से करैत सांप का प्लान बनाया। 5 लाख रुपए में 2 सपेरों को तैयार किया और पति को सांप से डसवा दिया।
18 जुलाई (शनिवार) को पुलिस ने दामिनी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। पुलिस जांच कर रही है कि दामिनी ने जिस महिला से पति अतुल का अफेयर बता रही है, वो कौन है? पुलिस को यह भी पता चला है कि दामिनी और उसके बॉयफ्रेंड के बीच 2 हजार से ज्यादा बार फोन कॉल हुई थी। दामिनी के मोबाइल में दोनों की चैटिंग भी मिली है।
