लखनऊ में डिंपल यादव समेत विपक्षी नेताओं के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन, बैरिकेडिंग धकेली; पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

लखनऊ: राजधानी लखनऊ में सोमवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्रों ने सपा सांसद डिंपल यादव समेत विपक्षी नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने अखिलेश यादव, राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भी नारेबाजी की। छात्रों ने ‘शर्म करो-शर्म करो’ के नारे लगाते हुए विभिन्न राज्यों में पेपर लीक के मुद्दे पर विपक्षी नेताओं से जवाब मांगा।छात्र दोपहर करीब 12 बजे विश्वविद्यालय के गेट नंबर-1 (आजाद द्वार) पर एकत्र हुए और प्रदर्शन शुरू किया। छात्रों का आरोप था कि गैर-एनडीए सरकार वाले राज्यों में पेपर लीक के मामले सामने आने के बावजूद विपक्षी नेता इस मुद्दे पर आवाज नहीं उठा रहे हैं।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने पंजाब, कर्नाटक, केरल और झारखंड का जिक्र करते हुए कहा कि इन राज्यों में कथित पेपर लीक के मामलों को लेकर विपक्षी नेताओं को अपनी पार्टी या गठबंधन की सरकारों के शिक्षा मंत्रियों से जवाब मांगना चाहिए।छात्रों ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता जब NEET पेपर लीक के मुद्दे पर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में खड़े हुए थे, तब उन्हें पेपर लीक के खिलाफ आवाज उठाने की जरूरत महसूस हुई थी। छात्रों ने मांग की कि जिन राज्यों में पेपर लीक के मामले सामने आए हैं, वहां जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान जब छात्र विश्वविद्यालय परिसर से बाहर सड़क की ओर बढ़ने लगे तो मौके पर तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। छात्रों ने पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेडिंग को धकेलने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें विश्वविद्यालय परिसर के भीतर रोकने की कोशिश की।प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने चार राज्यों के शिक्षा मंत्रियों के इस्तीफे की मांग को लेकर भी नारेबाजी की। पुलिस और छात्रों के बीच हुई इस झड़प के बाद कुछ देर तक विश्वविद्यालय परिसर के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

Related posts