पेपर लीक बिल पर संसद में हंगामा, विपक्ष का प्रदर्शन जारी

मनोरंजन: लोकसभा में सोमवार को पेपर लीक से जुड़े लोक परीक्षा संशोधन बिल को सरकार ने विपक्ष के भारी विरोध के बीच पेश किया। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सदन में यह बिल पेश किया, लेकिन विपक्षी सांसद लगातार नारेबाजी करते रहे। विपक्ष ने छात्रों के साथ कथित मारपीट और NEET पेपर लीक मामले को लेकर सरकार को घेरते हुए ‘मोदी-शाह छात्रों से माफी मांगो’ के नारे लगाए। बढ़ते हंगामे के कारण लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही पहले दोपहर 12 बजे तक और फिर दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी। इसी तरह राज्यसभा की कार्यवाही भी शोर-शराबे के चलते 2 बजे तक रोकनी पड़ी।

संसद के बाहर भी विपक्ष का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों के सांसद मकर द्वार पर एकत्र हुए और छात्रों के मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगा। विपक्ष का आरोप है कि पेपर लीक और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई जैसे गंभीर मामलों पर सरकार जवाब देने से बच रही है। उनका कहना है कि केवल नया कानून लाने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और छात्रों के साथ हुए व्यवहार पर भी जवाबदेही तय होनी चाहिए।

इस बीच पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी इस्तीफे के बाद पहली बार संसद पहुंचे। एनडीए सांसदों ने उनका शॉल और मिथिला पाग पहनाकर स्वागत किया तथा ‘धर्मेंद्र प्रधान जिंदाबाद’ के नारे लगाए। गौरतलब है कि NEET पेपर लीक विवाद के बीच 25 जुलाई को उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया था। अब सरकार परीक्षा प्रणाली को और अधिक सुरक्षित बनाने के लिए संशोधन बिल को महत्वपूर्ण कदम बता रही है, जबकि विपक्ष इस पूरे मामले पर विस्तृत चर्चा और जवाबदेही की मांग पर अड़ा हुआ है। ऐसे में संसद का मानसून सत्र लगातार राजनीतिक टकराव का केंद्र बना हुआ है।

Related posts