लखनऊ: पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जन-शिकायतें सुनने के दौरान कहा कि दबंगई-गुंडई करने वालों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जाये, सुनिश्चित किया जाये कि किसी भी व्यक्ति द्वारा गरीब का शोषण न किया जाये, शिकायतकर्ता की बात अधिकारी गंभीरता से सुनें, समस्या का निदान त्वरित एवं समयबद्ध ढंग से किया जाये, किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के निदान के लिए बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें, अधिकारी प्रत्येक शिकायत का व्यक्तिगत जिम्मेदारी मान निराकरण करें। उन्होने कहा कि सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जों की शिकायत को राजस्व, पुलिस विभाग गंभीरता से ले, मौके पर जाकर तत्काल अनाधिकृत कब्जा हटवाये जायें, कहीं भी सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे न रहें। उन्होने कहा कि गलत विद्युत बिलिंग व्यवस्था के कारण तमाम उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना करना पड़ता है, विद्युत विभाग की कार्यशैली के कारण किसी भी उपभोक्ता को कठिनाई का सामना न करना पड़े, विद्युत विभाग के अधिकारी सुनिश्चित करें।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापरक, समयबद्ध निराकरण प्रदेश सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में है, जन-समस्याओं के निस्तारण की समीक्षा सीधे शासन स्तर से की जा रही है, यदि किसी भी विभाग में शिकायत का समय से निस्तारण न हुआ तो संबंधित विभाग के अधिकारी की जिम्मेदारी तयकर उसके विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही होगी। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता से वार्ता अवश्य की जाए, शिकायतकर्ता के संतुष्ट होने पर ही शिकायत का निस्तारण माना जाए, जिला स्तरीय अधिकारी अधीनस्थों की रिपोर्ट पर निर्भर न रहें, शिकायत का संज्ञान स्वयं ले, इसमें किसी भी स्तर पर विलंब, कोताही न बरती जाए।
