फिलीपींस में सोमवार सुबह आए 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचा दी। भूकंप के तेज झटकों से कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में ऊंची-ऊंची इमारतें कुछ ही सेकंड में ढहती दिखाई दे रही हैं, जबकि लोग अपनी जान बचाने के लिए सड़कों पर दौड़ते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में फिलीपींस के जनरल सैंटोस सिटी का भयावह दृश्य देखने को मिल रहा है। एक वीडियो में मशहूर फास्ट-फूड चेन जॉलीबी की बहुमंजिला इमारत तेज झटकों के बीच भरभराकर गिर जाती है। इमारत गिरते ही पूरे इलाके में धूल का घना गुबार छा जाता है और आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच जाती है।कई अन्य वीडियो में दुकानों, मकानों और व्यावसायिक इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा हुआ दिखाई दे रहा है। कहीं छतें गिर गई हैं तो कहीं दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार भूकंप की तीव्रता 7.8 दर्ज की गई। इसका केंद्र फिलीपींस के मिंडानाओ क्षेत्र के पास समुद्र में बताया गया है।
भूकंप के झटके इतने शक्तिशाली थे कि दक्षिणी फिलीपींस के कई शहरों में लोग अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित होने की भी खबर है। राहत और बचाव एजेंसियों को तुरंत सक्रिय कर दिया गया है और स्थानीय प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
भूकंप के बाद प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों के अनुसार फिलीपींस के कुछ तटीय क्षेत्रों में 1 से 3 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की आशंका है। वहीं इंडोनेशिया, जापान और मलेशिया के कुछ समुद्री इलाकों के लिए भी सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। लोगों को समुद्र तटों से दूर रहने और सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने सभी सरकारी एजेंसियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। हालांकि अब तक बड़े पैमाने पर जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कई इलाकों में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों ने आफ्टरशॉक्स की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
