Lucknow: लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद गोमती रिवर फ्रंट को एहतियातन बंद कर दिया गया है। नदी का पानी बढ़ने से रिवर फ्रंट के दोनों तरफ बने पाथ-वे और आसपास के कुछ हिस्सों में जलभराव हो गया है। प्रशासन ने फिलहाल पर्यटकों और आम लोगों की एंट्री पर पूरी तरह रोक लगा दी है।
जानकारी के मुताबिक, पिछले चार दिनों में गोमती नदी के गऊ घाट पर जलस्तर करीब 61 सेंटीमीटर बढ़ा है। हालांकि, फिलहाल नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है। लखनऊ में गोमती नदी के लिए खतरे का निशान 109.50 मीटर निर्धारित है, जबकि वर्तमान जलस्तर करीब 107.59 मीटर बताया गया है।
सिंचाई विभाग के अनुसार, 28 सितंबर को गऊ घाट पर गोमती का जलस्तर 108.20 मीटर तक पहुंच गया था। इसके बाद जलस्तर में कुछ कमी आई है और फिलहाल स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
एलडीए के मुताबिक, 2 अक्टूबर को नदी का पानी बढ़ने के कारण गोमती रिवर फ्रंट के LHS और RHS दोनों हिस्सों में पानी भर गया। फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। सुरक्षा को देखते हुए रिवर फ्रंट की टिकटिंग बंद कर दी गई है और दोबारा खोलने का फैसला जलस्तर और हालात की समीक्षा के बाद लिया जाएगा।
गोमती में पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और लखनऊ की तरफ से आने वाला पानी भी पहुंच रहा है। इसके अलावा बेहटा, श्रावण समेत कई छोटे-बड़े नालों का पानी नदी में आ रहा है।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता मुकेश कुमार के मुताबिक, सीतापुर-लखनऊ सीमा के भटपुरवा में पिछले दो दिनों से जलस्तर स्थिर है। विभाग को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में गोमती का जलस्तर स्थिर रहने के बाद धीरे-धीरे कम हो सकता है।
