देशभर में मौसम का कहर: गुजरात-महाराष्ट्र में रेड अलर्ट, असम में 7 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित, हिमाचल में 134 सड़कें बंद

देश : देश के कई हिस्सों में मानसून ने एक बार फिर रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग ने गुजरात, महाराष्ट्र और ओडिशा में अत्यधिक भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया और सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण पश्चिमी, पूर्वी और उत्तर भारत के कई राज्यों में लगातार तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी राहत मिलने की उम्मीद कम है और 31 जुलाई तक उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित किया है। राज्य में 134 सड़कें बंद हो चुकी हैं, जिससे कई इलाकों का संपर्क टूट गया है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है, जबकि चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

पूर्वोत्तर भारत में भी हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। असम में बाढ़ का संकट लगातार गहराता जा रहा है। राज्य में अब तक 66 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 7 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। हजारों परिवार राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं और कई गांव अब भी पानी में डूबे हुए हैं। प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।

वहीं बिहार के 17 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है। हालांकि देशभर में अच्छी बारिश देखने को मिल रही है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार अब तक मानसून की कुल वर्षा सामान्य से 16.1 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। ऐसे में अगले कुछ दिन देश के कई राज्यों के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

Related posts