योगी का सपा-कांग्रेस पर बड़ा हमला | छात्रों को बदनाम करने की साजिश का आरोप | 2027 चुनाव पर बड़ा दावा


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में भाजपा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष देश में झूठा नैरेटिव फैलाकर किसानों और छात्रों को भड़काने की साजिश कर रहा है। साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की लगातार तीसरी सरकार बनने का दावा भी किया।

गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा और कांग्रेस पहले किसानों को भड़काने का प्रयास करती थीं, अब छात्रों को आंदोलन के नाम पर बदनाम करने की साजिश रच रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष झूठ फैलाकर देश में भ्रम और अराजकता का माहौल बनाना चाहता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और सपा ने संसद घेराव जैसे कार्यक्रमों के जरिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास किया और विदेशी धन के सहारे देश विरोधी माहौल बनाने की कोशिश की। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से विपक्ष के “झूठे नैरेटिव” को जनता के बीच बेनकाब करने का आह्वान किया।

योगी आदित्यनाथ ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” मंत्र को दोहराते हुए कहा कि चुनाव की असली लड़ाई बूथ पर ही जीती जाती है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने पूरी पारदर्शिता के साथ 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने कहा कि आज 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन और करोड़ों परिवारों को आवास, आयुष्मान और उज्ज्वला जैसी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

अपने संबोधन के अंत में योगी ने विश्वास जताया कि बूथ कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।

Related posts