उत्तर प्रदेश: सीतापुर जिले के महमूदाबाद में पति-पत्नी और एक युवक के बीच रिश्तों को लेकर ऐसा विवाद सामने आया, जिसने पुलिस को भी बातचीत के जरिए समाधान की कोशिश करने पर मजबूर कर दिया। मामला तब थाने पहुंचा, जब पत्नी ने अपने पति के साथ-साथ अपने प्रेमी के साथ भी रहने की इच्छा जताई।
जानकारी के मुताबिक, महमूदाबाद के शुभम वर्मा अपनी पत्नी अंजू और नितिन विश्वकर्मा नाम के युवक के साथ थाने पहुंचे। तीनों के बीच साथ रहने को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस ने पहले पति-पत्नी और युवक से अलग-अलग बातचीत की और फिर सभी को साथ बैठाकर मामले को सुलझाने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि अंजू अपने पति शुभम के साथ-साथ नितिन के साथ भी रहना चाहती है। वहीं शुभम का कहना है कि वह अपनी पत्नी और नितिन, दोनों के साथ रहने के लिए तैयार है। इसके लिए वह जरूरत पड़ने पर अपना घर छोड़ने की बात भी कह रहा है। दंपति के दो बच्चे भी हैं, जिन्हें अपने साथ रखने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, नितिन पहले से ही शुभम के घर आता-जाता था और कई बार वहां रुक भी चुका था। शुभम उसे अपना भाई बताता रहा था। बाद में तीनों के बीच रिश्तों को लेकर विवाद बढ़ गया और परिवार के अन्य सदस्यों के विरोध के बाद मामला थाने तक पहुंच गया।
महमूदाबाद कोतवाल भानु प्रताप सिंह ने तीनों से बातचीत कर आपसी सहमति बनाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक चली बातचीत के बावजूद कोई अंतिम समाधान नहीं निकल सका। तीनों अपनी-अपनी बात पर कायम रहे।
फिलहाल पुलिस मामले में किसी भी पक्ष पर दबाव डालने के बजाय बातचीत के जरिए स्थिति संभालने का प्रयास कर रही है। यह मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
