उत्तराखंड में टनल में पानी भरा, 18 मजदूर फंसे; यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

देश : उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच चमोली जिले से बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक टनल में अचानक पानी भर जाने से अंदर काम कर रहे 18 मजदूर फंस गए। राहत की बात यह है कि रेस्क्यू टीम ने अब तक 7 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, जबकि बाकी मजदूरों को निकालने के लिए बचाव अभियान लगातार जारी है। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

बारिश का असर सिर्फ उत्तराखंड तक सीमित नहीं है। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से घाटों की सीढ़ियों तक पानी पहुंच गया है। हरिश्चंद्र घाट का शवदाह स्थल भी पानी में डूब गया है। ऐसे में ऊपरी सीढ़ियों पर अंतिम संस्कार किया जा रहा है। लोगों को शव का अंतिम संस्कार करने के लिए करीब 2 से 3 घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं उन्नाव में जलभराव इतना ज्यादा हो गया कि सड़कों पर नाव चलानी पड़ी।

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के प्रभाव से बुधवार को देश के करीब 20 राज्यों में अच्छी बारिश हुई। अगले चार दिनों के दौरान मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत 15 राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड में बारिश के कारण देहरादून-मसूरी मार्ग पर लैंडस्लाइड भी हुआ, जिससे सड़क पर मलबा आ गया। राज्य के 9 जिलों में 67 सड़कें बंद हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश और भूस्खलन के कारण 204 सड़कें बंद हो गई हैं। लगातार बारिश के चलते प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और जरूरत न होने पर संवेदनशील इलाकों में जाने से बचने की अपील की है।

Related posts