बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में मंगलवार को एक निजी अस्पताल में एक्स-रे कराते समय मशीन गिरने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसा नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित आर्या हॉस्पिटल में हुआ। मृतक की पहचान शाहपुर गांव निवासी मिश्रीलाल के रूप में हुई है। यह अस्पताल नवाबगंज के भाजपा विधायक डॉ. एमपी आर्या से जुड़ा बताया गया है।
जानकारी के मुताबिक, मिश्रीलाल पेट दर्द की शिकायत लेकर परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचे थे। डॉक्टर की सलाह पर उनका एक्स-रे कराया जा रहा था। इसी दौरान अचानक एक्स-रे मशीन उनके ऊपर गिर गई। मशीन के नीचे दबने से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और अस्पताल स्टाफ ने मशीन हटाकर उन्हें बाहर निकाला और आईसीयू में ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई।
मृतक की बेटी लीलावती ने अस्पताल स्टाफ पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आईसीयू में पिता की हालत बिगड़ने के बाद कर्मचारी उन्हें छोड़कर चले गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मौत के बाद आईसीयू की बिजली बंद कर दी गई। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं की है।
हादसे के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। सीओ नीलेश मिश्र और नवाबगंज पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन से घटना की जानकारी ली।
मामले की जानकारी मिलने पर विधायक डॉ. एमपी आर्या भी अस्पताल पहुंचे। परिजनों से बातचीत के बाद दोनों पक्षों में सहमति बन गई। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव घर ले गए और पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी।
सीओ ने बताया कि तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एक्स-रे मशीन कैसे गिरी और हादसे के समय सुरक्षा के क्या इंतजाम थे, इसकी स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी।
Tags: बरेली, एक्सरे मशीन हादसा, आर्या हॉस्पिटल, भाजपा विधायक, एमपी आर्या, बुजुर्ग की मौत, अस्पताल हादसा, Bareilly News, UP News, Hospital Accident, X Ray Machine Accident
