देश: आंध्र प्रदेश से कोरोना वायरस को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। राज्य के कडप्पा जिले में 46 वर्षीय एक व्यक्ति की कोविड-19 संक्रमण के कारण मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक मरीज को पिछले महीने तमिलनाडु के वेल्लोर स्थित CMC अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां जांच में उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। डॉक्टरों ने लगातार चार दिनों तक उसका इलाज किया, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और आखिरकार उसकी मौत हो गई।
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार संक्रमण के कारण मरीज के फेफड़े गंभीर रूप से प्रभावित हो गए थे। एहतियात के तौर पर उसे कंटेनमेंट व्यवस्था के तहत रखा गया था। अब स्वास्थ्य विभाग उसके संपर्क में आए लोगों की पहचान कर उनकी जांच कर रहा है। साथ ही प्रभावित इलाके में सैनिटाइजेशन अभियान भी तेज कर दिया गया है ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
इस घटना के बाद कडप्पा और तिरुपति जिलों में कोरोना के पांच नए एक्टिव मामले भी सामने आए हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य का स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। मेडिकल एजुकेशन डायरेक्टर ने सभी सरकारी अस्पतालों से आइसोलेशन बेड, ICU बेड, ऑक्सीजन, वेंटिलेटर, दवाइयों, रैपिड टेस्ट किट, एंबुलेंस और मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता का विस्तृत ब्यौरा मांगा है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत व्यवस्था की जा सके।
गौरतलब है कि भारत में कोविड-19 से आधिकारिक तौर पर 2022 के अंत तक लगभग 5.3 लाख मौतें दर्ज की गई थीं, जबकि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने महामारी के दौरान देश में लगभग 47 लाख मौतों का अनुमान जताया था। दुनिया भर में भी लाखों लोगों की जान इस महामारी ने ली है।
विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना वायरस समय-समय पर अपना स्वरूप बदलता रहा है। अब तक इसके हजारों वैरिएंट सामने आ चुके हैं। WHO ने अल्फा, बीटा, गामा, डेल्टा और ओमिक्रॉन जैसे प्रमुख वैरिएंट को विशेष श्रेणी में रखा है। ओमिक्रॉन के भी JN.1, XFG और NB.1.8.1 जैसे कई सब-वैरिएंट सामने आ चुके हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों से सतर्क रहने, लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने और आवश्यक सावधानियों का पालन करने की अपील कर रहे हैं।
