मानसून ने पूरे देश को किया कवर, कई राज्यों में भारी बारिश से तबाही, सड़क धंसी और लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ा

देश  : देशभर में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और गुरुवार को इसने पूरे भारत को कवर कर लिया। हालांकि आमतौर पर मानसून 8 जुलाई तक पूरे देश में पहुंच जाता है, लेकिन इस बार यह एक दिन की देरी से देश के अंतिम हिस्सों तक पहुंचा। मानसून के सक्रिय होते ही कई राज्यों में लगातार भारी बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया है और कई जगहों पर नुकसान की खबरें सामने आई हैं।

उत्तर प्रदेश में गुरुवार सुबह से ही नोएडा, मेरठ, मथुरा, बुलंदशहर समेत करीब 50 शहरों में तेज बारिश दर्ज की गई। नोएडा की कई प्रमुख सड़कों पर एक से दो फीट तक पानी भर गया, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं गाजियाबाद में भारी बारिश के चलते करीब 10 फीट सड़क अचानक धंस गई। सड़क धंसने के कारण एक कार और एक बाइक गड्ढे में समा गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

उत्तराखंड में भी लगातार हो रही बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उत्तरकाशी के नालूपानी और यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर लैंडस्लाइड होने से यातायात प्रभावित हो गया। वहीं टिहरी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 707A के किनारे भारी भूस्खलन के कारण एक मकान पूरी तरह ढह गया। प्रशासन के अनुसार आसपास के दो से तीन मकानों पर भी खतरा बना हुआ है और एहतियात के तौर पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है।

राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ में भी तेज बारिश के कारण एक मकान गिर गया। मलबे में फंसे पति-पत्नी समेत अन्य लोगों का रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में लगातार बारिश के बाद पातालगंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से करीब तीन हजार एलपीजी सिलेंडर नदी में बह गए। प्रशासन और राहत एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

Related posts