अंतरिक्ष में परचम लहराने के बाद भारत लौटे शुभांशु शुक्ला, एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

नई दिल्ली: अंतरिक्ष में परचम लहराने के बाद भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला आज रविवार तड़के पहली बार भारत पहुंचे। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचने पर केंद्रीय राज्य मंत्री जितेन्द्र सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और इसरो के अध्यक्ष वी. नारायण ने उनका स्वागत किया। इस दौरान शुभांशु शुक्ला का परिवार भी दिल्ली एयरपोर्ट पर मौजूद रहा। साथ ही छात्रों समेत बड़ी संख्या में लोगों ने शुभांशु शुक्ला का जोरदार स्वागत किया।

शुभांशु शुक्ला अमेरिका के टेक्सास से नई दिल्ली पहुंचे। स्वदेश वापसी के तुरंत बाद उनके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने और आईएसएस में अपने यादगार अनुभवों एवं प्रयोगों को उनके साथ साझा करने की उम्मीद है। नई दिल्ली के बाद वे अपने गृह नगर लखनऊ जाएंगे।

जून में शुक्ला, आईएसएस के एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय बने थे। वह 16 जुलाई को पृथ्वी पर लौटे। यह मिशन केवल भारत ही नहीं, बल्कि पोलैंड और हंगरी के लिए भी चार दशक बाद मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम में वापसी का प्रतीक रहा। वहीं, शुक्ला ने इसरो (भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन) का प्रतिनिधित्व किया और उनका यह अनुभव भविष्य के गगनयान मिशन और भारत के अपने अंतरिक्ष स्टेशन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया TRUTH WATCH INDIA के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts