नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर प्राकृतिक आपदा ने कहर बरपाया है। किश्तवाड़ में हाल ही में आई तबाही के बाद अब कठुआ ज़िले में रविवार तड़के बादल फटने की घटना सामने आई है। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई स्थानों पर व्यापक नुकसान की खबर है।
मिली जानकारी के अनुसार, कठुआ जिले में रविवार सुबह अचानक बादल फटने से जलप्रलय जैसी स्थिति पैदा हो गई। देखते ही देखते पानी का तेज़ बहाव आस-पास के क्षेत्रों को अपने साथ बहा ले गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, रेलवे ट्रैक, राष्ट्रीय राजमार्ग और कठुआ थाना परिसर को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद प्रशासन, सेना और अर्धसैनिक बल सक्रिय हो गए हैं और हालात पर लगातार नज़र रखी जा रही है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने घटना की जानकारी मिलते ही कठुआ के एसएसपी शोभित सक्सेना से बात की। उन्होंने इस बातचीत की जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म x पर साझा की।
अपने पोस्ट में डॉ. जितेंद्र सिंह ने लिखा, “जंगलोट क्षेत्र में बादल फटने की सूचना के बाद एसएसपी कठुआ से बात की। अब तक 4 लोगों के हताहत होने की खबर है। रेलवे ट्रैक, राष्ट्रीय राजमार्ग और कठुआ पुलिस स्टेशन को भी नुकसान हुआ है। नागरिक प्रशासन, सेना और अर्धसैनिक बल तुरंत कार्रवाई में जुट गए हैं। स्थिति की निगरानी की जा रही है। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।”
इसी बीच, जम्मू-कश्मीर मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी xपर पोस्ट करते हुए घटना पर दुख जताया।
पोस्ट में कहा गया, “मुख्यमंत्री ने कठुआ जिले के जोध खड्ड और जुथाना समेत अन्य इलाकों में हुए भूस्खलन और जनहानि पर शोक व्यक्त किया है। इस घटना में चार लोगों की जान गई है, और कई घायल हुए हैं। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की, घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। साथ ही, प्रशासन को राहत, बचाव और निकासी के तत्काल उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।”
बता दें कि हाल ही में किश्तवाड़ ज़िले के चिशोती क्षेत्र में भी बादल फटने से भारी तबाही हुई थी।
