नई दिल्ली: महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई इस समय बारिश की मार झेल रही है। बीते कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण मुंबई की रफ्तार थम गई है। शहर की सड़कों पर पानी भर गया है, कई स्थानों पर लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित हैं, और स्कूल-कॉलेजों को बंद करना पड़ा है। नदियां और झीलें उफान पर हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई के बोरीवली इलाके में बीते 24 घंटों में 322 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि कई अन्य इलाकों में वर्षा 200 मिमी से अधिक रही। भारी बारिश के चलते सड़कों के साथ-साथ रेलवे ट्रैक भी जलमग्न हो गए हैं। इससे मध्य रेलवे की लोकल व लंबी दूरी की ट्रेनों पर असर पड़ा है। मीठी नदी खतरे के निशान के करीब बह रही है, हालांकि मौसम विभाग ने आज से बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना जताई है।
इस बीच, मायसूर कॉलोनी और भक्ति पार्क के बीच एक मोनोरेल ट्रेन में तकनीकी खराबी के कारण 500 से अधिक यात्री फंस गए थे। अधिक भीड़ और क्षमता से अधिक भार के चलते बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। समय रहते मुंबई फायर ब्रिगेड ने बहादुरी दिखाते हुए क्रेन की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
