उत्तर प्रदेश: गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दौरे के दूसरे दिन पैडलेगंज स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में पर्यटन विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर गुरुद्वारे के सुंदरीकरण का कार्य 2.32 करोड़ रुपये की लागत से किया गया। कार्यक्रम के दौरान सिख संतों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पगड़ी पहनाकर तलवार भेंट की। मुख्यमंत्री ने संबोधित करते हुए कहा कि इतिहास में वही जातियां और समुदाय जीवित रहते हैं जो अपने पूर्वजों के शौर्य और बलिदान को याद करते हैं और उसे अपने जीवन में उतारते हैं। उन्होंने सिख समाज की समृद्धि और प्रगति का श्रेय उनके गुरु परंपरा की निष्ठा को दिया। योगी ने कहा कि सिख गुरुओं ने हमेशा भारतीयता और सनातन धर्म की रक्षा के लिए बलिदान दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाए जाने की घोषणा का भी स्वागत किया।
