नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हो रही लगातार भारी बारिश का असर पंजाब पर भी दिखाई देने लगा है। तेज बारिश के कारण पंजाब की कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है, जिससे गुरदासपुर, फाजिल्का, रामदास, जालंधर और अजनाला जैसे जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
स्थिति को देखते हुए राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाई गई है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की 8 टीमें प्रभावित क्षेत्रों में तैनात की गई हैं। इसके अलावा, सेना और पुलिस की टीमें भी राहत कार्यों में जुटी हुई हैं। अब तक 2255 लोगों और 25 पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।
प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों में चिकित्सा सहायता, राशन, और अन्य आवश्यक सामग्री लगातार पहुंचाई जा रही है। वहीं, दूरदराज के गांवों में फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए हेलीकॉप्टरों की मदद ली जा रही है।
