नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को जम्मू शहर के तवी पुल और बिक्रम चौक का दौरा किया। यह दौरा हाल ही में आई भारी बारिश और बाढ़ के प्रभाव का आकलन करने के लिए किया गया। इस दौरान उनके साथ जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, विपक्ष के नेता सुनील शर्मा और कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
तवी पुल को बाढ़ के दौरान भारी नुकसान हुआ है। गृह मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से बातचीत की और हालात की जानकारी ली। उन्होंने बिक्रम चौक सहित आसपास के इलाकों में भी नुकसान की समीक्षा की। इसके बाद शाह अन्य प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने रवाना हुए।
गृह मंत्री शाह ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड में बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीमें (IMCT) भेजने की घोषणा की है। ये टीमें प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति की रिपोर्ट तैयार करेंगी।
एनडीआरएफ, सेना और वायुसेना की टीमें राहत व बचाव कार्यों में लगी हैं। केंद्र सरकार राज्यों के साथ मिलकर इस प्राकृतिक आपदा से निपटने में हरसंभव मदद कर रही है।
