नई दिल्ली: इंडेक्स सऊदी अरब 2025 में भारतीय मंडप का उद्घाटन किया गया। सऊदी अरब में भारत के राजदूत डॉ. सुहेल एजाज खान ने हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (ईपीसीएच) और भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के साथ मिलकर इंडेक्स सऊदी अरब 2025 में भारतीय मंडप का उद्घाटन किया।
यह आयोजन 9 से 11 सितंबर तक रियाद फ्रंट एग्जीबिशन एंड कॉन्फ्रेंस सेंटर में हो रहा है। यहां “भारत – हस्तशिल्प सोर्सिंग के लिए आदर्श गंतव्य” विषय पर एक सत्र का आयोजन किया गया। राजदूत डॉ. सुहेल एजाज खान ने मुख्य भाषण दिया और इस बात पर प्रकाश डाला कि भारत का हस्तशिल्प क्षेत्र दुनिया के सबसे बड़े क्षेत्रों में से एक है, जो 70 लाख से ज़्यादा कारीगरों की आजीविका का आधार है।
उन्होंने भारत सरकार द्वारा हर ज़िले के शिल्प को बढ़ावा देने के लिए शुरू किए गए एक ज़िला एक उत्पाद (ओडीओपी) कार्यक्रम पर भी ज़ोर दिया। इस सत्र में सऊदी उद्योग जगत के प्रमुख लोगों ने भाग लिया। इंडेक्स सऊदी अरब में इस वर्ष पांच प्रमुख शिल्पकार भाग ले रहे हैं, इनमें मनमोहन सोनी, प्रेम चंद, प्रेथप पूथमकोड अर्जुनन, उम्मे सलमा खातून और जशोबंती मेहर की कारीगरी देखने को मिलेगी।
