मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय विद्यालय के संचालन और विस्तार की जानकारी दी

दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली स्थित खजूरी खास क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय खुलने जा रहा है। इसके लिए दिल्ली सरकार ने केंद्रीय विद्यालय संगठन को जमीन उपलब्ध कराई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज बताया कि यह विद्यालय उत्तर-पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र में थाना खजूरी खास के पास सोनिया विहार क्षेत्र में खोला जाएगा। शुरू में इस विद्यालय में कक्षा 1 से 5 तक पढ़ाई होगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि विद्यालय का संचालन सिविल सेक्टर के अंतर्गत किया जाएगा और आवश्यकता के अनुसार आने वाले वर्षों में इसका विस्तार भी किया जाएगा।

दिल्ली में वर्तमान में 46 केंद्रीय विद्यालय संचालित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमेशा यह माना है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही आत्मनिर्भर भारत का सबसे मजबूत स्तंभ है। उन्होंने शिक्षा को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए इसे सर्वांगीण विकास का माध्यम बनाने पर बल दिया है। प्रधानमंत्री की यही सोच कि ‘हर बच्चे को समान अवसर, समान शिक्षा और समान संसाधन’ इन विद्यालयों के माध्यम से साकार हो रही है। यह निर्णय शिक्षा के क्षेत्र में समावेशी विकास, सामाजिक समानता और अवसरों की समानता को सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया TRUTH WATCH INDIA के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts