लखनऊ (Lucknow) में 36 साल की बहू ने प्रेमी के साथ मिलकर सास की हत्या कर दी। हाथ-पैर रस्सी से बांधे, फिर गला दबा दिया। वजह थी- सास प्रेमी से मिलने का विरोध करती थी। पुलिस के मुताबिक, किसी को उन पर शक न हो, इसलिए दोनों ने घर का CCTV बंद कर वारदात की। फिर कार से बाहर भाग गए।
कुछ दूर जाकर सीसीटीवी को मोबाइल से ऑन कर दिया। थोड़ी देर बाद महिला का 18 साल का बेटा घर पहुंचा। दादी की लाश देखकर वह मां को कॉल करने लगा। इस पर दोनों को लगा कि अगर घर नहीं लौटे तो पकड़े जाएंगे। घबराहट में दोनों वापस घर आ गए।
अरोपी महिला रंजना वर्मा, सास निर्मला (69) की लाश देखकर रोने का नाटक करने लगी। कहने लगी कि लूटपाट के बाद हत्या की गई। हम बाहर घूमने गए थे। इधर, पोते के बुलाने पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की तो 2 घंटे तक घर का CCTV ऑफ मिला। लेकिन घर के बाहर लगे CCTV में बहू प्रेमी राजन शर्मा (21) के साथ घर से बाहर जाती दिखाई दी।
मौके पर पहुंचा पुलिस का स्निफर डॉग सूंघते हुए प्रेमी के पास जाकर रुक गया। वह घबरा गया और उससे दूर भागने लगा। शक के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। सख्ती से पूछताछ की तो हत्या की बात कबूल कर ली। घटना शनिवार शाम 4 बजे महानगर इलाके की है।
